दीपावली पर एक कविता // दीपावली
जगमग जगमग दीप जल उठे
अंधियारे ने राह भरमाई
दमक उठा घर आँगन सारा
दीप्ति संग दीपावली आई
लक्ष्मी गणेश पूजे जाये
कुबेर, देव राह दिखलाये
दीपक की लौ भी जगमगाई
दीप्ति संग दीपावली आई
किसी सदन पसरा अंधियारा
कुछ मुखड़े उदास दिखलाये
दूर करदे यूँ तिमिर सारा
मुखड़े पर अब मुस्कान लाये
अल्प सी कोई एक सहायता
कर देती चमत्कार सारा
मोती मोती जोड़ बन जाती
रम्य दीपों सजी दीपमाला
ईर्ष्या, बैर को सब भुलाये
प्रेम से सबको गले लगायें
दूर करना मन की अंधियारी
छल कपट बनती लाचारी
घर आँगन सब जगमगायें
अंधियारी से आलोक पाये
दीपों से भरा कोना कोना
धरा का ये उज्ज्वल बिछौना
उज्ज्वल,प्रभा रम्य दिखलाई
चटक रंगी रश्मियाँ मुस्काई
नभ के आँगन आभा उजली
लौ प्रदीप की ढंकती कजली
बिखर गया आलोक न्यारा
हर्षित हुआ संसार सारा
दीपमाला लड़ी जगमगाई
दीप्ति संग दीपावली आई।
.jpg)
0 Comments
Post a Comment